Home
Print
Next
Previous

श्रद्धा सुमन

श्रीमती विमला जैन
श्रीमती विमला जैन 2 मार्च को परलोक सिधार गईं। उनकी आयु 72 वर्ष थी। उनके परिवार ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उनकी आंखें गुरु नानक आई हाॅस्पिटल को दान कर दीं। रोहिणी निवासी श्रीमती जैन अपने जीवन काल में साधु-संतों की सेवा जैसे धार्मिक कृत्यों मंे रुचि रखती थींै। स्वाध्याय मंडल से जुड़ाव उन्हें सामाजिक रूप से सक्रिय रखता था। ईश्वर से हमारी प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

श्रीमती क्षमा पाणिकर
पश्चिम विहार की श्रीमती क्षमा पाणिकर 90 वर्ष की आयु में स्वर्ग सिधार गईं। मरणोपरांत 9 मार्च को उनके नेत्र वेणु आई हाॅस्पिटल में दान कर दिए गए। उनकी इच्छा का आदर करने के लिए परिवारजनों का अभिवादन।

श्रीमती कुसुम लता
श्रीमती कुसुम लता का 12 मार्च को देहांत हो गया। उनकी आयु 69 वर्ष थी। उनके किसी दूर के संबंधी ने दधीचि देह दान समिति के कार्यकर्ता श्री दीपक से संपर्क किया। रात्रि 10 बजे के लगभग नेत्र दान की प्रक्रिया गुरु नानक आई हाॅस्पिटल की टीम द्वारा पूरी कर ली गई। इसी बीच देह दान की भी चर्चा हुई। देह दान की उपयोगिता को समझते हुए परिवारजनों ने देह दान का भी निर्णय लिया और उनकी देह गुरु तेग बहादुर अस्पताल में दान कर दी गई। समिति की ओर से स्वर्गीय कुसुम लता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना।

माननीय सूर्यकृष्ण जी
माननीय सूर्यकृष्ण जी का 13 मार्च को निधन हुआ। अपनी 82 वर्ष जीवन यात्रा में वह पूरी तरह से राष्ट्र समर्पित रहे। बीस वर्ष की आयु में संघ के प्रचारक के रूप में निकले सूर्यकृष्ण जी ने सहारनपुर, एटा व कई अन्य स्थानों पर संघ कार्य करते हुए 1952 में गौ हत्या विरोधी आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए संघ कार्यालय झंडेवालान से उनकी आंखें गुरु नानक नेत्र आई हाॅस्पिटल को दान की गईं। निकट संबंधी की उपस्थिति में उनकी देह भाई वर्धमान मेडिकल काॅलेज में चिकित्सीय पढ़ाई के लिए दान कर दी गई। एक तपस्वी राष्ट्रसेवी को हमारा नमन।

सरदार गुरबक्श सिंह
सरदार गुरबक्श सिंह का 16 मार्च को निधन हो गया। उनकी आयु 65 वर्ष थी। मरणोपरांत भाई वर्धमान मेडिकल काॅलेज में उनकी देह दान कर दी गई। उनकी आंखें वेणु आई सेन्टर को दान की गईं। धार्मिक प्रवृत्ति के श्री सिंह अपने जीवन काल में परिवार में देह दान व अंग दान की चर्चा करते रहते थे। उनकी इच्छा का सम्मान करने के लिए परिवारजनों का साधुवाद व श्री सिंह की आत्मा की शांति के लिए हमारी प्रार्थना।

श्री एन. एस. हूण
ग्रेटर कैलाश, दिल्ली निवासी श्री एन. एस. हूण की 93 वर्ष आयु में 17 मार्च को निधन हो गया। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत ‘विल’ में देह दान के लिए कहा हुआ था, जिसका सम्मान करते हुए उनके सेक्रेटरी ने दधीचि देह दान समिति से सम्पर्क किया। चूंकि परिवार विदेश में है, एक पोती की उपस्थिति में उनकी देह ई.एस.आई.(ESI), फरीदाबाद में दान कर दी गई। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे।

श्री कमल बेरी भारती
श्री कमल बेरी भारती के प्रति दधीचि परिवार श्रद्धावनत है। पति-पत्नी ने गंगा किनारे देह दान करने-कराने का परस्पर संकल्प लिया। लगभग 20 वर्ष पूर्व श्री बेरी अपनी पत्नी की मृत्यु हो जाने पर रात्रि में ही अपने दामाद की गाड़ी में शव लेकर आलोक जी के घर इसलिए आ गए कि ‘नर्सिंग होम वाले देह को रख नहीं रहे और घर ले गया तो बेटियां देह दान होने नहीं देंगी, कोई व्यवस्था कीजिए।’ उसी समय जी.टी.बी. अस्पताल के शवगृह में शव को रखने की व्यवस्था की गई और सुबह मौलाना आज़ाद मेडिकल काॅलेज की वैन शव को लेकर गई। वह दधीचि देह दान समिति द्वारा कराया गया वह पहला देह दान था। नवीन शाहदरा निवासी श्री बेरी सरकारी नौकरी से रिटायर होकर विश्व हिन्दू परिषद में सक्रिय रहे। पत्नी की मृत्यु के बाद उन्होंने संन्यास ले लिया। शारीरिक अस्वस्थता के कारण कुछ समय से दिल्ली में ही अपनी बेटी के पास आ गए थे। राष्ट्रीय मूल्यों को आधार बना कर ही 82 वर्ष तक सक्रिय जीवन यापन किया। मरणोपरांत 31 मार्च को उनकी आंखें गुरु नानक आई सेंटर व देह आर्मी मेडिकल काॅलेज को दान में दी गईं

तरणजीत कौर
पचहत्तर वर्षीय तरणजीत कौर की 2 अप्रैल को हुई मृत्यु के बाद जब परिवार जनों ने नेत्र दान के लिए सम्पर्क किया तो उन्हें पता चला कि वह पहले ही नेत्र दान का स्वयं संकल्प ले चुकी थीं। अपने जीवन काल में ‘अखंड कीर्तनी जत्था’ से जुड़ कर वह समाज में धर्मानुसार व्यवहारिक आचरण के लिए कार्यरत रहीं व मरणोपरांत मानवता के लिए एक अमुल्य धरोहर दान कर गईं। दधीचि परिवार की उनके प्रति विनम्र श्रद्धांजलि।

श्री नरेन्द्र अग्रवाल
स्वतः प्रेरणा से नेत्र दान का संकल्प लेने वाले श्री नरेन्द्र अग्रवाल 58 वर्ष की आयु में परलोक गामी हुए। पहाड़ गंज के वैश्य समाज के प्रमुख रहे श्री अग्रवाल धार्मिक व सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते थे। हर समय सभी की सहायता को तत्पर इस व्यक्तित्व की आंखें भी गुरु नानक आई हाॅस्पिटल में दान की गईं। श्री नरेन्द्र को दधीचि परिवार की ओर से सविनय श्रद्धांजलि।

श्रीमती इन्दु राणा
श्रीमती इन्दु राणा स्कूल टीचर के रूप में रिटायर होकर आर्य समाज, पीतमपुरा से सक्रियता से जुड़ी रहीं। उन्होंने 3 अप्रैल को 75 वर्ष की आयु में अपनी इहलीला समाप्त की। अग्रसेन अस्पताल ने परिवारजनों का दधीचि देह दान समिति से परिचय कराया। समिति के कार्यकर्ताओं की सक्रियता से परिवारजनों ने श्रीमती इन्दु की देह को चिकित्सा विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए एम्स में दान किया। उनकी आंखें श्राॅफ अस्पताल में दान की गईं। अस्पताल प्रशासन को हमारा धन्यवाद। मानवता की सेवार्थ देह दान का निर्णय लेने पर हमारी समिति द्वारा उनका साधुवाद।

श्रीमती तजिन्दर कौर
श्रीमती तजिन्दर कौर 4 अप्रैल को स्वर्ग सिधार गईं। उनकी उम्र 71 वर्ष थी। उनकी एक बेटी डाॅक्टर है जिससे देह दान का विषय इस परिवार के लिए अपरिचित नहीं था। ‘लिविंग ट्रीजर्स’ नाम की एक संस्था से श्रीमती कौर जुड़ी हुई थीं। यह संस्था गुरु वाणी के आधार पर जीवन को व्यवहारिक रूप से चलाने पर ज़ोर देती है। श्रीमती कौर द्वारा किए गए स्वतः स्फूर्त देह दान के संकल्प को पूरा करने में उनके बच्चों ने त्वरित कार्रवाई की। उनकी आंखें वेणु आई हाॅस्पिटल व देह आर्मी मेडिकल काॅलेज को दान किए गए। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे! यही हमारी प्रार्थना है।

श्रीमती राम सबरवाल
श्रीमती राम सबरवाल ने 75 वर्ष की आयु में अपना शरीर छोड़ा। धार्मिक कार्यों से निरंतर जुड़ी रहने वाली श्रीमती सबरवाल सामाजिक रूप से भी सक्रिय रहती थीं। उन्होंने परिवार में सबको नेत्र दान के लिए प्रेरित किया। उनकी मृत्यु 4 अप्रैल को हुई थी जिसके बाद उनकी आंखें गुरु नानक आई हाॅस्पिटल को दान में दे दी गईं। दिवंगत आत्मा को हमारे शत-शत नमन।

श्रीमती रूप कोमली देवी
श्रीमती रूप कोमली देवी का निधन 7 अप्रैल को हुआ। उनकी आयु 71 वर्ष थी। वह धार्मिक प्रवृत्ति की एक सामान्य महिला थीं जो पूरी तरह अपने परिवार के लिए समर्पित थीं। मंदिरों में दान करने में उनकी विशेष रुचि थी। परिवारजनों के निर्णय के आधार पर समिति के माध्यम से उनकी मृत देह आर्मी हाॅस्पिटल को दान की गई। इस महा दानी को समिति-परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि।

श्री रूप चंद
श्री रूप चंद का 90 वर्ष की उम्र में 8 अप्रैल को देहावसान हुआ। अपने जीवन का अधिकांश समय फौज में बिताने के बाद उनका एक नियमित मासिक कार्यक्रम चला - गरीब बच्चों को खाना खिलाना। मरणोपरांत स्वयं के अंगों को दान करने की चर्चा वह अपने जीवन में करते ही रहते थे, पर बाद में उन्होंने अपनी देह दान की इच्छा भी व्यक्त की। उनकी इस इच्छा का उनके बच्चों ने पूरा सम्मान किया और 9 अप्रैल को उनकी देह चिकित्सा विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए यू.सी.एम.एस. जी.टी.बी. में दे दी। परिवारजनों का अभिनंदन।

श्रीमती अंगूरी देवी
हर एक की मदद के लिए तत्पर श्रीमती अंगूरी देवी मरणोपरांत भी उसी सेवा भाव से अपनी आंखें भी दान कर गईं। उनकी मृत्यु 95 की आयु में 19 अप्रैल को हुई। मथुरा के माथुर वैश्य समाज में वह सक्रिय रहीं। उनकी आंखें गुरु नानक आई सेंटर में दान की गईं। उन्हें हमारी सादर श्रद्धांजलि।

कुंवर जितेंद्र सिंह
कुंवर जितेंद्र सिंह की मृत्यु 20 अप्रैल को हुई। उनकी उम्र 67 वर्ष थी। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उनके साथियों ने उनकी देह ई.एस.आई.(ESI), फरीदाबाद व आंखें एम्स में दान कीं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें - यही है हमारी विनम्र प्रार्थना।

स्वामी जीवन आनंद
समय से पूर्व स्कूल से अवकाश प्राप्त करके स्वामी जीवन आनंद एक लम्बे समय तक विद्या दान करते रहे। फरीदाबाद-करनाल-रोहतक सभी स्थानों पर उन्होंने आर्य समाज के प्रचारक के रूप में किया। संन्यास लेकर वह वैदिक भक्ति साधना आश्रम, आर्य नगर, रोहतक में रहे। धन-दान भी करते रहते थे। उनका देहांत 21 अप्रैल को 91 वर्ष की आयु में हुआ। ‘मेडिकल साइंस की पढ़ाई के लिए मेरा शरीर काम आना चाहिए’ उनकी इस इच्छा को पूरा करते हुए परिवारजनों ने उनकी देह आर्मी मेडिकल काॅलेज को दान कर दी। जीवन काल में विद्या दान, धन दान करते-करते बाद में देह दान करने वाले व्यक्तित्व को हमारे विनम्र प्रणाम व श्रद्धांजलि।

श्री बी. आर. सोबती
श्री बी. आर. सोबती का 78 वर्ष की उम्र में 22 अप्रैल को देहांत हुआ। उनकी इच्छानुसार परिवारजनों ने उनकी देह आर्मी मेडिकल काॅलेज को दान कर दी। उनकी आंखें गुरु नानक आई सेंटर को दान की गईं। श्री सोबती आर्मी में इंजीनियर थे। सेवा निवृत्ति के बाद वह अलग-अलग जगहों पर वह योग और प्राकृतिक चिकित्सा की निःशुल्क कक्षाएं लेते रहे। जीते जी वह मानव सेवा में लगे रहे और मरणोपरांत भी मानवता के कल्याणार्थ देह दान कर गए। दधीचि-परिवार की ओर से सोबती जी की आत्मा की शांति ें लिए सादर प्रार्थना।

श्री ओम प्रकाश शर्मा
श्री ओम प्रकाश शर्मा 79 वर्ष की आयु में 23 अप्रैल को स्वर्गस्थ हुए। अमृतसर से दिल्ली आकर उन्होंने जीवन की शुरुआत की। पी.एन.बी. से आॅफिसर पद से रिटायर हुए थे। अपने करीबी दोस्तों से देह दान की अपनी इच्छा प्रकट करते रहते थे। फलस्वरूप उनका नेत्र दान गुरु नानक आई सेंटर व देह दान ई.एस.आई., फरीदाबाद को किए गए। हमारी विनम्र श्रद्धांजलि।

श्री बलदेव राज भाटिया
71 वर्षीय श्री बलदेव राज भाटिया ने अपने नेत्र दान का संकल्प दधीचि देह दान समिति के माध्यम से किया हुआ था। 1 मई, 2016 को उनके देहावसान के पश्चात यह दान समिति के समर्पित कार्यकर्ता श्री अजय भाटिया द्वारा क्रियान्वित कराया गया। ईश्वर मृतात्मा को शांति प्रदान करे। दधीचि परिवार की ओर से उनके प्रति विनम्र श्रद्धाजंलि।

दर्शन पुंजाली
श्री दर्शन पुंजाली की मृत्यु जयपुर गोल्डन अस्पताल में 11 मई, 2016 को हुई। बीस वर्ष संघ के प्रचारक रह कर इन्होंने देश सेवा में अपना जीवन लगाया। मरणोपरान्त भी अपनी आंखें मानव सेवार्थ दान में दे दीं। ऐसी पुण्यात्मा को हमारे शत-शत नमन।

श्रीमती कमला देवी
श्रीमती कमला देवी ने 11 मई, 2016 को 77 वर्ष की आयु में शरीर छोड़ा। इनके बच्चों ने दधीचि देह दान समिति के कार्यक्रम से अंग दान की प्रेरणा लेकर अपनी मां की आंखें दान करने का निश्चय किया। इनकी आंखें गुरु नानक आई हाॅस्पिटल में दान की गईं। परिवार को साधुवाद। दिवगंत आत्मा को दधीचि परिवार की श्रद्धाजंलि।

श्रीमती सत्यवती देवी
श्रीमती सत्यवती देवी ने 88 वर्ष की आयु में एक स्वस्थ व सक्रिय जीवन जीते हुए 15 मई, 2016 को परलोक गमन किया। मंदिर, सत्संग, नियमित जीवन चर्या - इसी सब में कभी अपने बेटे से देह दान के विषय में समझा और कह दिया कि मेरी भी देह दान कर देना। परिवार में उठती कुछ विरोधी आवाज़ों के बीच उनके पुत्र ने अपने पिताजी की सहमति से अपनी मां की इच्छा को पूरा किया। उनकी आंखें गुरु नानक आई हाॅस्पिटल में दी गईं व उनका देह दान आर्मी मेडिकल काॅलेज को हुआ। मानवता के लिए प्रेरक कार्य करने पर दधीचि परिवार का नमन।

श्रीमती कृष्णा रानी महता
ग्रेटर कैलाश निवासी श्रीमती कृष्णा रानी महता का 83 वर्ष की आयु में 19 मई, 2016 को देहावसान हुआ। आजीवन आर्य समाज की गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए उन्होंने अपने परिवार व समाज में धार्मिक संस्कारों को गहराई से रोपा। मानव सेवा के अपने उत्तरदायित्व को पूर्ण करते हुए उनके पुत्र श्री रमन महता ने अपनी स्वर्गीय माता जी के नेत्र गुरु नानक आई हाॅस्पिटल में दान किए। पुण्यात्मा को हमारी विनम्र श्रद्धाजंलि।

श्री ओम सिंह
वसुन्धरा, गाज़ियाबाद निवासी श्री ओम सिंह का 67 वर्ष की आयु में प्रेम धर्म अस्पताल में 19 मई, 2016 को निधन हुआ। चुनौतिपूर्ण व ईमानदारी का जीवन जीने वाले स्वर्गीय ओम सिंह के बेटे ने बताया कि निकट संबंधियों का काफी विरोध होने पर भी उसने अपने दृढ़ निश्चय से पिता के नेत्र दान एम्स में किए। इस कार्य में दधीचि देह दान समिति के कार्यकर्ताओं के विशेष सहयोग का उल्लेख करना भी वह नहीं भूले। ईश्वर मृतात्मा को शांति प्रदान करे। दधीचि परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को सविनय श्रद्धाजंलि।

श्रीमती प्रेम लता
जनकपुरी निवासी श्रीमती प्रेम लता का देहांत 83 वर्ष आयु में हुआ। निकट संबंधियों ने 22 मई, 2016 को इनके मरणोपरान्त दधीचि देह दान समिति से सम्पर्क किया। एम्स में मेडिकल छात्रों की पढ़ाई के लिए इनकी देह दान में दे दी गई। आंखें गुरु नानक हाॅस्पिटल को दी गईं। परोपकारार्थ उत्कृष्ट दान के लिए दधीचि परिवार के श्रद्धा सहित बारम्बार नमन।

श्री अनिल कुमार जैन
श्री अनिल कुमार जैन का 63 वर्ष की आयु में 6 जून, 2016 को देहांत हुआ। निरंतर दान करने की प्रवृत्ति वाले श्री जैन ने अपनी आंखें दान करने की इच्छा अपने जीवन काल में ही अपने बेटे को बता दी थी। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए परिवारजनों ने मरणोपरांत उनकी आंखें समिति के माध्यम से गुरु नानक आई हाॅस्पिटल को दान कीं। परोपकारार्थ किए गए इस महा दान के लिए साधुवाद। दिवगंत आत्मा को शत-शत नमन।

कुमारी देविका
कुमारी देविका का 45 वर्ष की आयु में 13 जून, 2016 को निधन हो गया। पड़ोस में ही रहने वाले दधीचि देह दान समिति के कार्यकर्ता श्री कृष्ण अवतार जिन्दल ने उनके भाई से नेत्र दान की चर्चा करके उनका मन तैयार किया। यह नेत्र दान हमारे कार्यकर्ता के प्रयास गुरु नानक आई हाॅस्पिटल में होना सम्भव हो सका। कार्यकर्ताओं का साधुवाद। ईश्वर मृतात्मा को अपने चरणों में स्थान दे।

श्रीमती सावित्री
श्रीमती सावित्री देवी का 20 जून, 2016 को निधन हुआ। उनकी उम्र 85 वर्ष थी। धार्मिक प्रवृत्ति की श्रीमती सावित्री ने अपने परिवार के लालन-पालन में जीवन बिताया। उनकी नेत्र दान की इच्छा का सम्मान करते हुए परिवारजनों ने गुरु नानक आई हाॅस्पिटल में उनकी आंखें दान कीं। दिवगंत आत्मा को दधीचि परिवार की विनम्र श्रद्धाजंलि।

श्रीमती राज रानी
दो वर्ष पूर्व दधीचि देह दान समिति के माध्यम से देह दान का संकल्प पत्र श्रीमती राज रानी ने हस्ताक्षरित किया था। एक साधारण घरेलू जीवन जीने वाली इस महिला की इस उच्च भावना का सम्मान, इनके पुत्र ने, 25 जून को आर्मी मेडिकल काॅलेज में इनकी देह दान करके किया। परलोकगामी के लिए शत-शत नमन व श्रद्धा सुमन।

श्री कृष्ण चंद गुप्ता
फरीदाबाद निवासी श्री कृष्ण चंद गुप्ता की आंखें उनकी इच्छानुसार मरणोपरान्त दान कर दी गईं। इस कार्य के लिए वेणु आई हाॅस्पिटल की टीम वहां पहुंची। 77 वर्ष का जीवन काल, उन्होंने अपने पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करने हुए बिताया। दधीचि परिवार की ओर से उन्हें नमन व श्रद्धाजंलि।

गुरु दित्तामल जी
गुरु दित्तामल जी ने अपना 90 वर्ष का जीवन काल अविवाहित रह कर सेवा कार्यों में ही बिताया। संघ कार्यालय, दिल्ली में वह भोजनालय का काम देखते थे। दो वर्ष पूर्व सूर्यकृष्ण जी से प्रेरणा लेकर इन्होंने देह दान का संकल्प किया था। शारीरिक रूप से असमर्थ हो जाने पर यथाशक्ति वह कुछ न कुछ कार्य करते रहते थे। 9 जुलाई, 2016 को मरणोपरान्त इनकी आंखें गुरु नानक आई हाॅस्पिटल को दान में दी गईं। मेडिकल छात्रों की पढ़ाई हेतु इनकी देह लेडी हार्डिंग मेडिकल काॅलेज को दी गई। दिवगंत आत्मा को दधीचि परिवार के शत-शत नमन।

बेटी स्वाति
असमय अपनी बिटिया को खोने के दुःख के समय में भी सेवा भारती के कार्यकर्ता साथियों की चर्चा से अपनी बेटी का देह दान करने वाले माता-पिता हमारा नमन। 17 वर्ष की आयु में ही रोहिणी निवासी स्वाति की देह 9 जुलाई, 2016 आर्मी मेडिकल काॅलेज को दान की गई। प्रखर बुद्धि वाली व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहने वाली स्वाति के लिए हमारी नम आंखों से श्रद्धाजंलि।

श्री राजर्षि चड्ढा
श्री राजर्षि चड्ढा का 90 वर्ष की आयु में 27 जुलाई, 2016 को देहान्त हुआ। आखिरी 3 वर्ष वह शारीरिक रूप से असमर्थ हो गए थे, अन्यथा उनका पूरा जीवन कड़ी मेहनत व धार्मिक प्रवृत्तियों से पूर्ण रहा। आर्य समाज से जुड़े हुए एक कर्मठ कार्यकर्ता थे। लगभग 15 वर्ष पूर्व इन्होंने दधीचि देह दान समिति के माध्यम से देह दान का संकल्प लिया था। इनके परिवारजनों का साधुवाद। इनकी इच्छा का सम्मान करते हुए इनकी देह यू.सी.एम.एस (जी.टी.बी.) को दान की गई व इनकी आंखें गुरु नानक आई हाॅस्पिटल को दान में दी गईं। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे। दधीचि परिवार की उन्हें विनम्र श्रद्धाजंलि।

श्री महताब सिंह भाटिया
95 वर्षीय श्री महताब सिंह भाटिया का देहान्त 2 अगस्त, 2016 को हुआ। उनकी आंखें गुरु नानक आई हाॅस्पिटल को दान की गईं। दिवगंत आत्मा को हमारे श्रद्धा सुमन।

श्री अनिल चौधरी
श्री अनिल चौधरी का 13 अगस्त, 2016 को देहान्त हुआ। वह 70 वर्ष के थे। एक कुशल कलाकार थे। आॅयल पेन्टिंग बनाना उनका विशेष शौक था। हिमाचल प्रदेश से प्रकाशित होने वाली ‘विपाशा’ पत्रिका में उनके लेख निरन्तर छपते थे। उन्होंने अपने जीवन काल में देह दान का संकल्प लिया था और उसे क्रियान्वित किया उनके परिवारजनों ने। मानवता के लिए किए गए इस सर्वोत्कृष्ट दान के लिए हम नतमस्तक हैं। हमारी विनम्र श्रद्धाजंलि।

श्रीमती मधु शर्मा
शिक्षा को मिशन मानने वाली श्रीमती मधु शर्मा ‘वर्धमान शिक्षा मंदिर’ से अध्यापिका पद से रिटायर हुई थीं। और, लगभग ढाई महीने बाद ही 17 अगस्त, 2016 को उनका देहान्त हो गया। अपनी एक मित्र के पिता जी का देह दान होते देखा तो, दो वर्ष पूर्व स्वयं भी इन्होंने दधीचि देह दान समिति के माध्यम से संकल्प पत्र भरा। श्री श्री रविशंकर इनकी आध्यात्मिक प्रेरणा थे। अधिकांश विद्यार्थियों के साथ पारिवारिक संबंध बने थे। उन्हें विद्यार्थी इतने प्रिय थे कि उनकी इच्छा रही कि ‘मरने के बाद भी मेरा शरीर इन्हीं के काम आए।’ 60 वर्ष की आयु में मरणोपरान्त इनकी देह आर्मी मेडिकल काॅलेज को दान में दे दी गई। एक मिशन के लिए जीने और मरने वाले इस व्यक्तित्व को हमारा प्रणाम। ईश्वर इनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

श्रीमती सुनीता खन्ना
24 अगस्त, 2016 को श्रीमती सुनीता खन्ना 59 वर्ष की आयु में परलोक सिधार गईं। उनके परिजनों ने इस दुःखद घड़ी में भी उनके नेत्रों का दान करने का मन बनाया और गुरु नानक आई सेंटर में उनकी आंखें दान कीं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। दधीचि परिवार की ओर से हम इन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।

श्री अश्विनी कुमार सहगल
श्री अश्विनी कुमार सहगल 27 अगस्त 2016 को परलोक सिधार गए। उनकी आयु 74 वर्ष थी। उन्होंने लाॅयन्स क्लब, पंजाबी सभा, मंदिर समिति - सभी संस्थाओं में सक्रिय भूमिका अदा करते हुए एक उपयोगी जीवन बिताया। समाज में वे शक्तिशाली व प्रेरक व्यक्तित्व के धनी माने जाते थे। वह अपने पीछे संस्कारी, सुशिक्षित और भरापूरा परिवार छोड़ कर गए हैं। उनकी पत्नी व निकट-संबंधियों ने यदा-कदा चर्चित उनकी नेत्र दान की इच्छा का सम्मान करते हुए उनकी आंखें दधीचि देह दान समिति के माध्यम से गुरु नानक आई सेंटर को दान में दे दीं। परोपकारार्थ किए इस दान के लिए परिवार को साधुवाद। दिवंगत आत्मा को ईश्वर अपने चरणों में स्थान दें - यही विनम्र श्रद्धांजलि है दधीचि परिवार की।

श्रीमती दर्शना गुप्ता
श्रीमती दर्शना गुप्ता को जी.बी. पंत अस्पताल में ब्रेन डेड घोषित किया गया। सामाजिक रूप से सक्रिय परिवार की धनी श्रीमती गुप्ता को उनके परिवार ने 6 व्यक्तियों को जीवन दान देने का माध्यम बना दिया। वह स्वयं एन.डी.एम.सी. स्कूल की प्रधानाचार्या थीं। एक धार्मिक व सामाजिक महिला, जो अपने सम्पर्क में आने वाले व्यक्तियों की समस्याओं को दूर करने की हमेशा कोशिश में रहती थीं। स्कूल में सबकी प्रिय - इस अनूठे दान से सभी को गौरवान्वित कर गईं। 67 वर्ष की आयु का एक उपयोगी जीवन जिया उन्होंने। गुरु नानक आई सेंटर को उनके नेत्र, आर्मी हाॅस्पिटल को लिवर, राम मनोहर लोहिया अस्पताल व एम्स को गुर्दे दान किए गए। नैतिकता व आदर्श का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए उनके परिवारजनों को दधीचि परिवार के नमन व दिवंगत आत्मा को परमात्मा के चरणों में स्थान मिलने की कामना।

श्री महिन्दर सिंह राणा
82 वर्षीय श्री महिन्दर सिंह राणा को कुछ दिन पूर्व ही अपनी मृत्यु का आभास हो गया था। देह छोड़ने से एक सप्ताह पहले उन्होंने अपने परिजनों से कहा था, ’मेरे नेत्र किसी के काम आ जाएं - ऐसी व्यवस्था कर देना।’ गरीब कन्याओं के विवाह में हमेशा आगे रहने वाले श्री राणा मंदिरों में दान देते समय भी अग्रणी रहे। समाज में अत्यधिक सक्रिय जीवन बिता कर वह एक अमूल्य दान कर ही गए। श्री राणा के परिजनों ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उनकी आंखें गुरु नानक आई संेटर में दान कर दीं। इस परोपकारी व्यक्तित्व के लिए हमारी ससम्मान श्रद्धांजलि।