Home
Print
Previous
Next

जैन सोशल ग्रुप जयपुर: 296 देहदान का कीर्तिमान, आलोक कुमार जी ने की प्रशंसा

जैन सोशल ग्रुप केंद्रीय संस्थान, जयपुर देहदान एवं अंगदान के क्षेत्र में राजस्थान का एक चमकता सितारा बन चुका है। इस संस्थान ने अब तक 296 सफल देहदान करवाकर न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश में एक मिसाल कायम की है।15 जुलाई 2025 की शाम को दधीचि देहदान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (NOTTO) के सदस्य श्री आलोक कुमार ने जयपुर में जैन सोशल ग्रुप की सक्रिय टीम के साथ रात्रि भोजन के दौरान अनौपचारिक मुलाकात की। इस अवसर पर देहदान के विभिन्न पहलुओं, भविष्य की योजनाओं और जागरूकता अभियानों पर गहन एवं सार्थक चर्चा हुई।

श्री आलोक कुमार ने जैन सोशल ग्रुप की टीम की निष्ठा, समर्पण और लगातार मिल रही सफलताओं की भरपूर सराहना की। उन्होंने कहा, “जैन सोशल ग्रुप जयपुर ने जिस लगन और पवित्र भाव से 296 देहदान करवाए हैं, वह पूरे देश के लिए प्रेरणा है। यह टीम सिद्ध कर रही है कि अगर इच्छाशक्ति हो तो देहदान जैसे पुनीत कार्य में भी असंभव कुछ नहीं है।”

टीम के सदस्यों ने भी श्री आलोक कुमार के साथ हुई चर्चा से मिले नए विचारों और दिशा-निर्देशों से भारी उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने संकल्प लिया कि जल्द ही 300 और फिर 500 देहदान का आंकड़ा पार किया जाएगा। जैन सोशल ग्रुप केंद्रीय संस्थान जयपुर की यह टीम पिछले कई वर्षों से पूरे मनोयोग से इस दैवीय कार्य में जुटी हुई है और समाज को देहदान का महत्व समझाने में अग्रणी भूमिका निभा रही है।