Home
Print
Previous
Next

देहदान और अंगदान पर शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल ‘वरदान’ का पोस्टर जारी

नई दिल्ली। देहदान और अंगदान को जन आंदोलन बनाने की दिशा में दधीचि देहदान समिति एक विशेष पहल करने जा रही है। समिति आगामी 27 और 28 फरवरी 2026 को शॉर्ट फिल्मों का फेस्टिवल ‘वरदान’ आयोजित करेगी। इस फेस्टिवल का उद्देश्य युवा और स्थापित फिल्म निर्माताओं की रचनात्मक भागीदारी के माध्यम से देहदान और अंगदान के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है।

राजधानी दिल्ली के महामना मालवीय मिशन भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘वरदान’ फिल्म फेस्टिवल का पहला पोस्टर जारी किया गया। इस अवसर पर दधीचि देहदान समिति के संस्थापक और संरक्षक आलोक कुमार ने कहा कि चलचित्र अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ‘वरदान’ फिल्म फेस्टिवल देहदान और अंगदान के प्रति जनजागरण का प्रभावी माध्यम बनेगा और समाज में सकारात्मक सोच को मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में पोस्टर जारी करने में सहभागी गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर डॉ महेश वर्मा ने सुझाव दिया कि इस फिल्म फेस्टिवल का आयोजन उनके विश्वविद्यालय परिसर में किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि यह आयोजन विश्वविद्यालय में होता है तो संस्थान को भी देहदान और अंगदान के प्रचार में योगदान देने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर समिति के प्रचार प्रमुख अतुल गंगवार ने ‘वरदान’ फिल्म फेस्टिवल का पहला प्रोमो भी जारी किया और प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के लिए देहदान, अंगदान और नेत्रदान जैसे विषयों पर शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, म्यूजिक वीडियो, रील और मोटिवेशनल फिल्म बनाई जा सकती है। प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए छह लाख रुपये तक की सम्मान राशि निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम के दौरान दधीचि देहदान समिति और दिल्ली विश्वविद्यालय के संयुक्त प्रयास से चल रहे देहदान जागरूकता अभियान के दूसरे चरण की भी घोषणा की गई। दिल्ली विश्वविद्यालय के एनएसएस संयोजक डॉ नरेंद्र विश्नोई ने बताया कि अभियान के पहले चरण में विश्वविद्यालय के 35 कॉलेजों को जोड़ा गया था। अब इस अभियान का विस्तार करते हुए 60 से अधिक कॉलेजों के छात्रों को इसमें शामिल किया जाएगा और एनएसएस के छात्र इसमें सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

समारोह में दधीचि देहदान समिति के संरक्षक आलोक कुमार और अध्यक्ष महेश पंत ने ‘वरदान’ फिल्म फेस्टिवल तथा विश्वविद्यालय छात्रों के साथ देहदान अभियान 2.0 को सहयोग देने के लिए गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ महेश वर्मा और दिल्ली विश्वविद्यालय के एनएसएस संयोजक डॉ नरेंद्र विश्नोई का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर समिति के महामंत्री डॉ विशाल चड्ढा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंजु प्रभा और प्रचार सह प्रमुख प्रतिबिम्ब शर्मा सहित समिति से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।